एआई इंपैक्ट समिट 2026: जानिए वेन्यू, रजिस्ट्रेशन और एंट्री से जुड़ी हर बात
दुनिया के सबसे बड़े आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कार्यक्रम ‘एआई इंपैक्ट समिट 2026’ का आयोजन भारत की राजधानी नई दिल्ली में किया जा रहा है। यह वैश्विक आयोजन 16 से 20 फरवरी 2026 तक भारत मंडपम में चलेगा। इस समिट में दुनिया भर के राजनीतिक नेता, वैज्ञानिक, टेक कंपनियों के प्रमुख, स्टार्टअप संस्थापक और नीति निर्माता शामिल हो रहे हैं। 100 से अधिक देशों और 300 से ज्यादा कंपनियों की भागीदारी इसे एआई से जुड़ा अब तक का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण वैश्विक आयोजन बनाती है।
समिट का उद्देश्य और महत्व
यह समिट भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य कृषि, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में एआई के प्रभाव को बढ़ाना और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देना है। समिट में एआई के भविष्य, सुरक्षा और इनोवेशन पर गहन चर्चा होगी। बता दें कि भारत से पहले यूनाइटेड किंगडम, दक्षिण कोरिया और फ्रांस जैसे देश इस तरह के आयोजन कर चुके हैं। इस समिट के जरिए भारत ग्लोबल साउथ का नेतृत्व कर रहा है।
आयोजन का स्थान और समय
समिट का मुख्य स्थान भारत मंडपम (प्रगति मैदान), नई दिल्ली है। इसके अलावा कुछ सत्र सुषमा स्वराज भवन और अंबेडकर भवन में भी आयोजित होंगे। आम जनता के लिए ‘एआई इंपैक्ट एक्सपो’ 17 फरवरी से खुल जाएगा। समिट का समय सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक रहेगा।
रजिस्ट्रेशन कैसे करें?
समिट में भाग लेने के लिए पहले रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है। रजिस्ट्रेशन पूरी तरह मुफ्त है और इसके बाद आपको एक क्यूआर कोड के रूप में पास मिलेगा, जिसे सेव करके रखना होगा। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया इस प्रकार है:
- रजिस्ट्रेशन के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- यहां ‘Register as Delegate’ विकल्प चुनें।
- अपनी व्यक्तिगत जानकारी जैसे नाम, ईमेल, जन्म तिथि, व्हाट्सएप नंबर और प्रोफेशनल डिटेल्स भरें।
- आईडी के लिए अपनी स्पष्ट फोटो अपलोड करें।
- ओटीपी के जरिए ईमेल वेरिफिकेशन पूरा करें।
- रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद कंफर्मेशन ईमेल और क्यूआर कोड प्राप्त होगा।
प्रवेश के नियम
समिट में प्रवेश के लिए आपको अपना क्यूआर कोड और ओरिजिनल फोटो आईडी (आधार, पैन या पासपोर्ट) दिखाना होगा। प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए हैं:
- सुबह 7:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक गेट नंबर 4 से एंट्री होगी।
- दोपहर 2:00 बजे के बाद गेट नंबर 7 से एंट्री की जा सकती है।
- मेट्रो से आने वालों के लिए गेट नंबर 10 से प्रवेश की सुविधा है।
मेट्रो और पार्किंग की जानकारी
भारत मंडपम से सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन है। वेन्यू पर पार्किंग सीमित है, इसलिए पार्किंग की व्यवस्था पुराना किला, दिल्ली चिड़ियाघर और जेएलएन स्टेडियम में की गई है। वेन्यू तक पहुंचने के लिए शटल सेवा भी उपलब्ध है।
प्रमुख आकर्षण
इस समिट में एआई के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। इसमें एआई सुरक्षा, नैतिकता, नवाचार और वैश्विक सहयोग जैसे विषय शामिल हैं। समिट में भाग लेने वाले प्रतिनिधि विभिन्न सत्रों, कार्यशालाओं और प्रदर्शनी में हिस्सा ले सकते हैं। यह आयोजन न केवल तकनीकी विशेषज्ञों के लिए बल्कि आम जनता के लिए भी खुला है, जो एआई के क्षेत्र में नवीनतम विकास को जानना चाहते हैं।