सोमवार को शिवलिंग पर चढ़ाएं ये विशेष चीजें, महादेव की कृपा होगी प्राप्त
हिंदू धर्म में सोमवार का दिन भगवान शिव की उपासना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इस दिन शिवलिंग पर श्रद्धा और नियमपूर्वक अर्पित की गई वस्तुएं पूजा को सफल बनाती हैं और महादेव की विशेष कृपा प्राप्त करने में सहायक होती हैं। इनके प्रभाव से जीवन की अनेक समस्याओं का निवारण, सुख-समृद्धि का आगमन और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। शास्त्रों के अनुसार, भगवान शिव की पूजा से साधक को मानसिक शांति मिलती है और शिवलिंग पर कुछ विशेष वस्तुएं अर्पित करने से संपूर्ण शिव परिवार का आशीर्वाद प्राप्त होता है। हर वस्तु का अपना अलग महत्व और प्रभाव होता है, आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।
गंगाजल
सोमवार के दिन शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित करना अत्यंत पवित्र माना जाता है। इससे मन और वातावरण दोनों शुद्ध होते हैं। यह सरल उपाय जीवन में शांति और सकारात्मकता का संचार करता है।
बेलपत्र
भगवान शिव को बेलपत्र अत्यंत प्रिय है। सोमवार को तीन पत्तियों वाला बेलपत्र चढ़ाना चाहिए और इसे उल्टा अर्पित करना श्रेष्ठ माना जाता है। इसके प्रभाव से पापों का नाश होता है और जीवन में पवित्रता आती है।
धतूरा
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, धतूरा भगवान शिव का प्रिय फल है। इसे शिवलिंग पर चढ़ाने से कठिन से कठिन बाधाएं भी दूर होने लगती हैं और जीवन में सुगमता आती है।
आक का फूल
आक का फूल विशेष रूप से भोलेनाथ को अर्पित किया जाता है। मान्यता है कि इसे चढ़ाने से अधूरी इच्छाएं भी पूरी होने लगती हैं और साधक की मनोकामनाएं शीघ्र फलित होती हैं।
शहद
शिवलिंग पर शहद चढ़ाने से स्वास्थ्य लाभ मिलता है और जीवन में मिठास बनी रहती है। यह उपाय जीवन में कई सकारात्मक बदलाव लाता है और मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक होता है।
दूध और दही से अभिषेक
कच्चे दूध से शिवलिंग का अभिषेक करने से मन की अशांति दूर होती है और सुख-समृद्धि के योग बनते हैं। दही से अभिषेक करने से जीवन में स्थिरता आती है, जबकि घी अर्पित करने से ऊर्जा में वृद्धि होती है और आत्मबल मजबूत होता है।
चंदन
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शिवलिंग पर चंदन का तिलक करने से मन को ठंडक और शांति मिलती है। यह भगवान शिव को प्रसन्न करने का सरल और प्रभावी उपाय है, जो मानसिक तनाव को कम करता है।
शमी के फूल
शमी भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है। इसे शिवलिंग पर चढ़ाने से शनि दोष भी कम होते हैं। साथ ही माता पार्वती भी प्रसन्न होकर अपनी कृपा बरसाती हैं, जिससे जीवन में सुख और समृद्धि का वास होता है।
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग और धार्मिक ग्रंथों पर आधारित है।