अक्षय तृतीया 2026: तिथि, शुभ मुहूर्त और खरीदारी के लाभकारी उपाय
वैशाख माह की शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को अत्यंत शुभ माना जाता है। इस दिन को अक्षय तृतीया या आखा तीज के नाम से जाना जाता है। मान्यता है कि इस दिन किए गए शुभ कार्य, दान-पुण्य और खरीदारी का फल कभी समाप्त नहीं होता। यह जीवन में सुख-समृद्धि और बरकत लेकर आता है। यही कारण है कि इस दिन विवाह, गृह प्रवेश और नए कार्यों की शुरुआत जैसे शुभ काम किए जाते हैं। शास्त्रों में अक्षय तृतीया को वर्ष के सबसे शुभ मुहूर्तों में गिना जाता है।
अक्षय तृतीया 2026 की सही तिथि
इस वर्ष वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि 19 अप्रैल 2026 को सुबह 10:50 बजे से शुरू हो रही है। इस तिथि का समापन 20 अप्रैल 2026 को सुबह 7:28 बजे होगा। चूंकि मध्याह्नव्यापिनी तृतीया तिथि 19 अप्रैल की दोपहर में ही मिल रही है, इसलिए अक्षय तृतीया का पर्व 19 अप्रैल 2026 को ही मनाया जाएगा।
अक्षय तृतीया पर क्या खरीदना शुभ है?
अक्षय तृतीया के दिन की गई खरीदारी अक्षय फल देने वाली मानी जाती है। यहां कुछ मुख्य वस्तुओं का उल्लेख किया गया है जिन्हें इस दिन खरीदना लाभकारी होता है:
- सोना और चांदी: इस दिन सोना और चांदी खरीदना अत्यंत शुभ माना जाता है। यह सुख, समृद्धि और वैभव का प्रतीक है। इसे घर लाने से धन-धान्य में वृद्धि होती है और घर में खुशियां बढ़ती हैं।
- नए वस्त्र: आप भगवान के लिए नए वस्त्रों की खरीदारी कर सकते हैं। ऐसा करने से मनोवांछित फलों की प्राप्ति होती है और जीवन में सकारात्मकता आती है।
- वाहन और संपत्ति: अक्षय तृतीया के दिन नए वाहन, घर या किसी अन्य संपत्ति की खरीदारी करना बहुत लाभकारी माना जाता है। इससे जीवन की सभी बाधाएं दूर होती हैं और सफलता मिलती है।
- पीतल के बर्तन: इस दिन पीतल के बर्तन खरीदना भी शुभ होता है। ये घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और मान-सम्मान में वृद्धि करते हैं।
- तुलसी का पौधा: घर में तुलसी का पौधा लाना बेहद शुभ माना जाता है। ऐसा करने से घर में माता लक्ष्मी का वास होता है और सुख-समृद्धि बनी रहती है।
- पीली वस्तुएं: पीले रंग की वस्तुएं खरीदना भी इस दिन अच्छा माना जाता है। पीला रंग समृद्धि और शुभता का प्रतीक है, जो जीवन में सकारात्मकता लाता है।