हनुमान जन्मोत्सव 2026: इन मंत्रों के जाप से दूर होंगे सभी संकट

हनुमान जन्मोत्सव हर वर्ष चैत्र माह की पूर्णिमा तिथि पर श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है। वर्ष 2026 में यह पावन पर्व 2 अप्रैल को है। इस दिन भगवान राम के अनन्य भक्त बजरंगबली की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। मान्यता है कि इस दिन कुछ विशेष मंत्रों का जाप करना अत्यंत फलदायी होता है। इन मंत्रों के नियमित जप से हनुमान जी की कृपा प्राप्त होती है और व्यक्ति को शक्ति, बुद्धि व ज्ञान का आशीर्वाद मिलता है। साथ ही जीवन में सुख-शांति और सकारात्मकता बनी रहती है। आइए जानते हैं ये प्रभावशाली मंत्र कौन से हैं।

1. ‘ॐ नमो भगवते हनुमते नमः’

हनुमान जन्मोत्सव के दिन कम से कम 108 बार इस मंत्र का जप करें। इससे मन को शांति मिलती है और पारिवारिक जीवन में सुख-समृद्धि आती है।

2. ‘महाबलाय वीराय चिरंजीवीन उद्दते। हारिणे वज्रदेहाय चोलंघितमहाव्यये॥’

यह मंत्र इच्छाओं की पूर्ति के लिए प्रभावी माना गया है। इसे शांत और एकांत स्थान पर बैठकर श्रद्धा से जप करें।

3. ‘ॐ ह्रां ह्रीं ह्रूं ह्रैं ह्रौं ह्रः, हं हनुमते रुद्रात्मकाय हुं फट्’

यह हनुमान जी का मूल मंत्र है। इसके जप से शारीरिक शक्ति और मानसिक ऊर्जा में वृद्धि होती है। हनुमान जन्मोत्सव के दिन इसका जाप विशेष लाभकारी होता है।

4. ‘ॐ नमो हनुमते रुद्रावताराय सर्वशत्रुसंहारणाय सर्वरोगहराय सर्ववशीकरणाय रामदूताय स्वाहा’

यह कष्ट निवारण मंत्र है। शारीरिक, मानसिक या अन्य किसी भी परेशानी से राहत पाने के लिए इस मंत्र का जप अत्यंत प्रभावी माना जाता है।

5. ‘ॐ नमो हनुमते आवेशाय आवेशाय स्वाहा’

आर्थिक समस्याओं से मुक्ति पाने और धन वृद्धि के लिए इस मंत्र का जाप किया जाता है। हनुमान जन्मोत्सव के दिन इसका जप विशेष फल देता है।

6. ‘ॐ आञ्जनेयाय विद्महे वायुपुत्राय धीमहि। तन्नो हनुमत् प्रचोदयात्॥’

यह मंत्र बुद्धि और स्मरण शक्ति बढ़ाने में सहायक माना जाता है। विद्यार्थियों के लिए यह विशेष लाभकारी है। कम से कम 108 बार इसका जप करना चाहिए।

7. ‘ॐ हं हनुमते रुद्रात्मकाय हुं फट्’

यदि किसी प्रकार का भय या चिंता सताती हो, तो इस मंत्र का जप करने से साहस और आत्मविश्वास बढ़ता है। इसे रोजाना भी जपा जा सकता है।