चैत्र नवरात्रि 2026: जानिए नौ दिनों के शुभ रंग और देवियों के स्वरूप
हिंदू धर्म में नवरात्रि का पर्व मां दुर्गा की उपासना का सबसे पवित्र समय माना जाता है। इन नौ दिनों में देवी दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा की जाती है। भक्त व्रत रखते हैं, पूजा-अर्चना करते हैं और मां को प्रसन्न करने के लिए कई नियमों का पालन करते हैं। नवरात्रि के दौरान प्रत्येक दिन एक विशेष रंग पहनने की परंपरा भी प्रचलित है। मान्यता है कि उस दिन से जुड़ा रंग धारण करने से देवी की कृपा प्राप्त होती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। आइए जानते हैं कि नवरात्रि के नौ दिनों में कौन-सा रंग पहनना शुभ माना जाता है।
कब से शुरू हो रही है चैत्र नवरात्रि?
पंचांग के अनुसार, वर्ष 2026 में चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 19 मार्च को सुबह 06 बजकर 52 मिनट पर शुरू होगी और 20 मार्च को सुबह 04 बजकर 52 मिनट पर समाप्त होगी। उदया तिथि के आधार पर चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 19 मार्च 2026 से मानी जाएगी। वहीं 27 मार्च को रामनवमी के साथ इस पर्व का समापन होगा।
नवरात्रि के 9 दिनों के शुभ रंग
पहला दिन : मां शैलपुत्री
नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। इस दिन पीला रंग धारण करना शुभ माना जाता है। यह रंग खुशी, ऊर्जा और सकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है।
- शुभ रंग : पीला
दूसरा दिन : मां ब्रह्मचारिणी
दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा होती है। हरा रंग प्रकृति, उन्नति और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।
- शुभ रंग : हरा
तीसरा दिन : मां चंद्रघंटा
ग्रे रंग संतुलन और स्थिरता को दर्शाता है। मां चंद्रघंटा की पूजा से भय और नकारात्मक ऊर्जा से मुक्ति मिलने की मान्यता है।
- शुभ रंग : ग्रे (स्लेटी)
चौथा दिन : मां कूष्मांडा
नारंगी रंग उत्साह, साहस और ऊर्जा का प्रतीक है। इस दिन मां कूष्मांडा की पूजा करने से जीवन में नई ऊर्जा का संचार होता है।
- शुभ रंग : नारंगी
पांचवां दिन : मां स्कंदमाता
पांचवें दिन मां स्कंदमाता की पूजा की जाती है। इस दिन सफेद रंग धारण करना शुभ माना जाता है। सफेद रंग शांति, पवित्रता और मासूमियत का प्रतीक है।
- शुभ रंग : सफेद
छठा दिन : मां कात्यायनी
छठे दिन मां कात्यायनी की पूजा होती है। लाल रंग शक्ति, साहस और जुनून का प्रतीक माना जाता है। यह रंग मां दुर्गा के उग्र स्वरूप को दर्शाता है।
- शुभ रंग : लाल
सातवां दिन : मां कालरात्रि
सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा की जाती है। नीला रंग गहराई, स्थिरता और असीमित ऊर्जा का प्रतीक है। यह रंग मां के दिव्य स्वरूप को दर्शाता है।
- शुभ रंग : नीला
आठवां दिन : मां महागौरी
आठवें दिन मां महागौरी की पूजा होती है। गुलाबी रंग प्रेम, करुणा और कोमलता का प्रतीक माना जाता है। यह रंग मां के ममतामयी स्वरूप को दर्शाता है।
- शुभ रंग : गुलाबी
नौवां दिन : मां सिद्धिदात्री
नौवें दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। बैंगनी रंग समृद्धि, विलासिता और आध्यात्मिकता का प्रतीक माना जाता है। यह रंग देवी की कृपा से मिलने वाली सिद्धियों को दर्शाता है।
- शुभ रंग : बैंगनी