UPTET 2026: परीक्षा केंद्र जाने से पहले जान लें ये अहम बातें, वरना हो सकती है परेशानी
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का आयोजन कल से शुरू हो रहा है। इस परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए कुछ महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इन नियमों का पालन न करने पर परीक्षा केंद्र पर कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित समय से पहले परीक्षा स्थल पर पहुंच जाएं, क्योंकि परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले ही प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
किस दिन कौन सा पेपर होगा?
UPTET 2026 की परीक्षा 2 जुलाई से 4 जुलाई तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पेपर-2 की परीक्षा 2 और 3 जुलाई को होगी, जबकि पेपर-1 का आयोजन 3 और 4 जुलाई को किया जाएगा। सभी पेपर ऑफलाइन मोड में होंगे। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी।
पहली पाली के लिए परीक्षा केंद्र का प्रवेश द्वार सुबह 8:45 बजे बंद हो जाएगा, जबकि दूसरी पाली के लिए यह समय दोपहर 1:45 बजे निर्धारित है। इस समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
60 जिलों के 955 केंद्रों पर होगी परीक्षा
राज्य भर में UPTET 2026 के लिए कुल 60 जिलों में 955 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा कुल 5 पालियों में आयोजित की जाएगी। इस बार परीक्षा में कुल 19,94,661 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनमें से 17,67,180 उत्तर प्रदेश के और 2,27,481 अन्य राज्यों के हैं।
परीक्षा में 1,85,791 सेवारत शिक्षक और 18,08,870 नए अभ्यर्थी भाग लेंगे। प्राथमिक स्तर (पेपर-1) के लिए 3,88,179, उच्च प्राथमिक स्तर (पेपर-2) के लिए 8,16,436 और दोनों स्तरों के लिए 3,95,023 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। सबसे अधिक परीक्षा केंद्र और अभ्यर्थी वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर नगर, मेरठ, मऊ, मुरादाबाद, आगरा और जौनपुर जिलों में हैं।
परीक्षा केंद्र पर किन दस्तावेजों की होगी जरूरत?
UPTET 2026 परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों के पास निम्नलिखित दस्तावेज होना अनिवार्य है:
- 2026 का प्रिंटेड एडमिट कार्ड
- एक मूल फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य सरकारी फोटो पहचान पत्र)
- पहचान पत्र की एक फोटोकॉपी
- तीन हालिया पासपोर्ट साइज फोटो
यदि किसी अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड पर “e-KYC Required at Exam Center” लिखा है, तो उनके लिए मूल आधार कार्ड साथ ले जाना अनिवार्य होगा। दस्तावेजों की कमी होने पर परीक्षा केंद्र पर प्रवेश नहीं मिल सकता है।
पालन करें ये जरूरी दिशा-निर्देश
- परीक्षा केंद्र पर कम से कम 60 मिनट पहले पहुंचें।
- एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी साथ लेकर जाएं।
- आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य वैध फोटो पहचान पत्र साथ रखें।
- पहचान पत्र की एक फोटोकॉपी और पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ रखें।
- केवल नीले या काले बॉल प्वाइंट पेन का उपयोग करें।
- मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
- नोट्स, किताबें, कागजात, बैग या अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा कक्ष में नहीं ले जा सकेंगे।
- साधारण और आरामदायक कपड़े पहनकर आएं और भारी आभूषण पहनने से बचें।
- गेट बंद होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।