टेलीकॉम यूजर्स के लिए बुरी खबर: जल्द 15% तक बढ़ सकते हैं रिचार्ज प्लान के दाम
देश की प्रमुख निजी टेलीकॉम कंपनियां जल्द ही अपने प्रीपेड रिचार्ज प्लान की कीमतों में बड़ा इजाफा कर सकती हैं। एक नई रिसर्च रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया (Vi) के यूजर्स को आने वाले महीनों में रिचार्ज पर पहले से अधिक खर्च करना पड़ सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, यह बढ़ोतरी 12 से 15 प्रतिशत के बीच हो सकती है, और सिर्फ कीमतें ही नहीं, बल्कि पूरी प्राइसिंग स्ट्रक्चर में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
अगले कुछ महीनों में लागू हो सकते हैं नए दाम
वित्तीय वर्ष 2027 की पहली तिमाही के लिए जारी एक विशेष रिपोर्ट में टेलीकॉम सेक्टर को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। सेंट्रम इंस्टीट्यूशनल रिसर्च नामक संस्था की इस रिपोर्ट में कहा गया है कि प्राइवेट टेलीकॉम ऑपरेटर अपने प्रीपेड प्लान्स की कीमतों में सीधे 15 प्रतिशत तक की वृद्धि कर सकते हैं। यह बढ़ोतरी तुरंत नहीं, बल्कि अगले 3 से 4 महीनों के भीतर लागू होने की संभावना है। इसका मतलब है कि साल के अंत तक यूजर्स को महंगे रिचार्ज प्लान का सामना करना पड़ सकता है।
क्यों महंगे हो रहे हैं टेलीकॉम प्लान?
इस संभावित मूल्य वृद्धि के पीछे कंपनियों की आय का गणित मुख्य कारण है। पिछले कुछ तिमाहियों से टेलीकॉम कंपनियों का प्रति यूजर औसत राजस्व (ARPU) में कोई खास सुधार नहीं देखा गया है। साथ ही, पिछले दो सालों में रिचार्ज प्लान की कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है।
रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि बाजार में अब केवल तीन निजी और एक सरकारी कंपनी बची हैं। इस कारण प्रतिस्पर्धा कम हो गई है और कंपनियों के लिए कीमतें बढ़ाने का माहौल अनुकूल हो गया है। विश्लेषकों का मानना है कि अगर कंपनियों को अपने मुनाफे और ARPU में वास्तविक वृद्धि करनी है, तो टैरिफ बढ़ाने के अलावा उनके पास कोई और मजबूत विकल्प नहीं बचा है।
फिलहाल कंपनियों के ARPU में जो मामूली सुधार दिख रहा है, वह सिर्फ 2G ग्राहकों के 4G और 5G नेटवर्क पर शिफ्ट होने और डेटा खपत बढ़ने की वजह से है। यह सुधार टिकाऊ नहीं है, इसलिए कंपनियों को सीधे तौर पर कीमतें बढ़ाने की जरूरत महसूस हो रही है।
सिर्फ रिचार्ज महंगा नहीं, बदल सकता है पूरा सिस्टम
रिपोर्ट में एक और अहम संकेत दिया गया है कि इस बार टैरिफ बढ़ोतरी सिर्फ कीमतों तक सीमित नहीं रह सकती। कंपनियां अपनी पूरी प्राइसिंग स्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव कर सकती हैं। मौजूदा समय में अलग-अलग उपयोग के बावजूद कई यूजर्स एक समान कीमत चुकाते हैं। भविष्य में कंपनियां यूसेज-आधारित प्राइसिंग मॉडल अपना सकती हैं।
इस नए मॉडल के तहत:
- जो ग्राहक ज्यादा डेटा और कॉलिंग का इस्तेमाल करेंगे, उन्हें ज्यादा भुगतान करना होगा।
- कम डेटा और सीमित कॉलिंग करने वाले यूजर्स अपेक्षाकृत कम खर्च कर सकते हैं।
- यह बदलाव कंपनियों के लिए राजस्व बढ़ाने का एक नया तरीका हो सकता है।
हालांकि, अभी तक किसी भी टेलीकॉम कंपनी ने आधिकारिक तौर पर कीमत बढ़ाने की घोषणा नहीं की है। लेकिन अगर यह रिपोर्ट सही साबित होती है, तो आने वाले महीनों में मोबाइल रिचार्ज पहले से काफी महंगा हो सकता है। यूजर्स को सलाह दी जाती है कि वे अपने रिचार्ज की योजना पहले से बना लें, ताकि अचानक बढ़ी कीमतों का असर कम से कम हो।