चूड़ी पहनने से हाथों पर एलर्जी? अपनाएं ये आसान घरेलू उपाय

भारतीय महिलाओं के लिए चूड़ी सिर्फ एक आभूषण नहीं, बल्कि सौंदर्य और परंपरा का प्रतीक है। यह हाथों की शोभा बढ़ाती है और लुक को निखारती है। लेकिन कई बार चूड़ी पहनने के बाद हाथों पर दाने, खुजली या एलर्जी जैसी समस्याएं होने लगती हैं। यह परेशानी अक्सर चूड़ी में इस्तेमाल रंगों, धातुओं या रसायनों के कारण उत्पन्न होती है। इसके अलावा, पसीना और धूल-मिट्टी भी त्वचा में जलन पैदा कर सकते हैं। अगर आप भी इस समस्या से जूझ रही हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कुछ सरल घरेलू उपाय और सावधानियां अपनाकर आप इस एलर्जी से राहत पा सकती हैं।

चूड़ियों को पहनने से पहले करें सफाई

बाजार से नई चूड़ियां लाने के बाद उन्हें सीधे हाथों पर न पहनें। इन पर धूल, केमिकल या पॉलिश के अवशेष हो सकते हैं, जो त्वचा को नुकसान पहुंचाते हैं। कांच की चूड़ियों को हल्के साबुन के पानी से धोकर सुखा लें। धातु या प्लास्टिक की चूड़ियों को सैनिटाइजर या अल्कोहल युक्त कपड़े से पोंछकर साफ करें। यह आदत एलर्जी के खतरे को काफी हद तक कम कर सकती है।

हाथों की सफाई का रखें खास ध्यान

चूड़ियां पहनने से पहले हाथों को अच्छी तरह धोना न भूलें। दिनभर में हाथों पर पसीना, ग्रीस और गंदगी जमा हो जाती है। जब आप गंदे हाथों पर चूड़ियां पहनती हैं, तो यह गंदगी त्वचा के छिद्रों को बंद कर सकती है और दानों को बढ़ावा दे सकती है। हाथ धोने के बाद उन्हें पूरी तरह सुखाकर ही चूड़ियां पहनें, ताकि नमी के कारण जलन न हो।

मॉइस्चराइजर का नियमित उपयोग करें

रूखी त्वचा पर चूड़ी के घर्षण से जलन और दाने होने की संभावना अधिक रहती है। इसलिए हाथों को मुलायम और हाइड्रेटेड रखना जरूरी है। चूड़ी पहनने से पहले हाथों पर हल्का मॉइस्चराइजर या कोई अच्छी हैंड क्रीम लगाएं। दिन में बीच-बीच में भी मॉइस्चराइजर लगाती रहें, खासकर हाथ धोने के बाद। यह त्वचा को सुरक्षा प्रदान करता है और एलर्जी के प्रभाव को कम करता है।

एलोवेरा जेल से पाएं राहत

अगर हाथों पर पहले से ही दाने या खुजली हो गई है, तो एलोवेरा जेल एक बेहतरीन प्राकृतिक उपचार है। यह त्वचा को ठंडक पहुंचाता है, सूजन कम करता है और जलन से राहत दिलाता है। प्रभावित जगह पर ताजा एलोवेरा जेल लगाएं या बाजार से मिलने वाले शुद्ध एलोवेरा जेल का उपयोग करें। इसे 15-20 मिनट तक लगा रहने दें, फिर गुनगुने पानी से धो लें। दिन में दो बार इस प्रक्रिया को दोहराने से दाने जल्दी ठीक हो जाते हैं।

त्वचा के अनुकूल चूड़ियां चुनें

एलर्जी से बचने के लिए चूड़ियों के चयन में सावधानी बरतें। प्लास्टिक या निकेल वाली चूड़ियों की बजाय कांच, चांदी या स्टील की चूड़ियों को प्राथमिकता दें। अगर आपकी त्वचा संवेदनशील है, तो रंगीन या भारी पॉलिश वाली चूड़ियों से परहेज करें। चूड़ियां खरीदते समय उनकी भीतरी सतह को जरूर चेक करें, वह चिकनी और खुरदरी नहीं होनी चाहिए।

चूड़ियां निकालकर त्वचा को दें आराम

लगातार लंबे समय तक चूड़ियां पहने रहने से त्वचा को सांस लेने का मौका नहीं मिलता। रात में सोने से पहले या घर पर आराम करते समय चूड़ियां निकाल दें। इससे त्वचा पर दबाव कम होगा और पसीना जमा नहीं होगा। हफ्ते में एक-दो दिन बिना चूड़ियों के रहने की आदत डालें, ताकि त्वचा रिपेयर हो सके और एलर्जी का खतरा कम हो।