शादी के बाद पहली रक्षाबंधन: ऐसे बनाएं अपना लुक यादगार
शादी के बाद पहली रक्षाबंधन हर नवविवाहिता के लिए एक खास मौका होता है। जब आप पहली बार बहन का दर्जा निभाते हुए भाई को राखी बांधने मायके जाती हैं, तो सबकी निगाहें आप पर टिकी होती हैं। इसलिए इस दिन अपने लुक को लेकर थोड़ा सतर्क रहना जरूरी है, ताकि आप हर किसी की नजरों में खूबसूरत लगें और आपका अंदाज सबको भाए।
सही एथनिक आउटफिट का चुनाव
रक्षाबंधन के दिन एथनिक वियर से बेहतर कुछ नहीं हो सकता। यदि आप शादी के बाद पहली बार मायके जा रही हैं, तो एक खूबसूरत साड़ी आपके लुक को चार चांद लगा सकती है। पेस्टल रंगों की साड़ी इस मौसम में काफी ट्रेंड में है। हल्का गुलाबी, पीच, लैवेंडर या मिंट ग्रीन जैसे रंग आपकी नई दुल्हन वाली चमक को और निखारेंगे। अगर साड़ी पहनने में सहज महसूस न करें, तो हल्के प्रिंट या एम्ब्रॉयडरी वाला सलवार सूट या लहंगा भी एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।
मेकअप में रखें सादगी
भारी मेकअप के बजाय इस बार हल्के और नेचुरल मेकअप पर फोकस करें। पेस्टल आउटफिट के साथ न्यूड और सॉफ्ट मेकअप बेहद खूबसूरत लगता है। बीबी क्रीम या हल्का फाउंडेशन, न्यूड आईशैडो और मस्कारा से आंखों को संवारें। गालों पर हल्का हाइलाइटर लगाएं, जिससे चेहरे पर एक प्राकृतिक चमक आए। लिपस्टिक के लिए न्यूड या माउव शेड चुनें, जो आपके पूरे लुक को संतुलित रखे। याद रखें, दमकता चेहरा और हल्का मेकअप ही आज के ट्रेंड की असली पहचान है।
बालों का स्टाइल: मेसी बन है बेस्ट
अपने लुक को कंप्लीट करने के लिए बालों में मेसी बन (Messi Bun) बनाएं। यह हेयरस्टाइल इन दिनों काफी पसंद किया जा रहा है और देखने में भी बहुत प्यारा लगता है। मेसी बन में बालों को थोड़ा ढीला-ढाला रखें, ताकि यह नेचुरल और स्टाइलिश दिखे। इस बन पर सजी हुई गजरा या ताजे फूल लगाएं, तो आपका लुक एकदम रेट्रो वाइब देगा और आपको और भी ज्यादा आकर्षक बनाएगा।
ज्वेलरी के साथ संतुलन बनाएं
ज्वेलरी चुनते समय एक बात का खास ध्यान रखें: अगर आपका आउटफिट भारी कढ़ाई या डिजाइन वाला है, तो हल्की और नाजुक ज्वेलरी पहनें। वहीं, अगर आपने सादा या हल्का आउटफिट चुना है, तो थोड़ी भारी और पारंपरिक ज्वेलरी के साथ एक्सपेरिमेंट कर सकती हैं। बहुत ज्यादा चमक-धमक वाला लुक आजकल पसंद नहीं किया जाता। इसलिए संतुलित ज्वेलरी चुनकर अपने लुक को एलिगेंट और परफेक्ट बनाएं।