सीबीएसई पुनर्मूल्यांकन पोर्टल: 56 हजार से अधिक आवेदन, 38 लाख साइबर हमले नाकाम

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने अपने पुनर्मूल्यांकन पोर्टल पर छात्रों की भारी भागीदारी और साइबर सुरक्षा की मजबूती दोनों का खुलासा किया है। बोर्ड के अनुसार, 12वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए बुधवार रात तक 56,000 से अधिक छात्रों ने आवेदन किया। इस दौरान पोर्टल को 38 लाख से अधिक साइबर हमले के पैकेट्स का सामना करना पड़ा, जिन्हें डिजिटल सुरक्षा प्रणाली ने सफलतापूर्वक विफल कर दिया।

बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कुल आवेदनों में से 5,000 से अधिक उत्तर पुस्तिका सत्यापन और 45,000 से अधिक पुनर्मूल्यांकन के लिए हैं। यह सुविधा उन छात्रों के लिए उपलब्ध है जिन्होंने अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई प्रतियां प्राप्त कर ली हैं। पोर्टल 2 जून से खोला गया था और यह 6 जून की मध्यरात्रि तक आवेदन स्वीकार करेगा।

भुगतान विकल्प और लेन-देन

पुनर्मूल्यांकन शुल्क के भुगतान के लिए पोर्टल पर कई बैंकों के गेटवे उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें एसबीआई, केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और इंडियन बैंक शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि इन बैंकों में खाता होना अनिवार्य नहीं है। एसबीआई के भुगतान गेटवे के माध्यम से अब तक 40,000 से अधिक सफल लेन-देन दर्ज किए गए हैं। अन्य बैंकों ने भी हजारों ऑनलाइन भुगतानों को सफलतापूर्वक प्रोसेस किया है, जिससे डिजिटल भुगतान प्रणाली मजबूत हुई है।

साइबर हमलों का विवरण

आवेदन प्रक्रिया के दौरान पोर्टल पर गंभीर साइबर हमलों का प्रयास किया गया। बोर्ड के अनुसार, डिनायल-ऑफ-सर्विस (DoS) हमले के जरिए मात्र दो मिनट में 15 लाख हिट और एक लाख से अधिक अनधिकृत फाइल एक्सेस के प्रयास किए गए। हालांकि, बोर्ड की सुरक्षा प्रणाली ने 38 लाख से अधिक ऐसे हमले के पैकेट्स को ब्लॉक कर पोर्टल को सुरक्षित बनाए रखा और छात्रों के डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित की।

पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन प्रक्रिया

छात्र निम्नलिखित चरणों का पालन करके पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं:

  • आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और रोल नंबर या यूजर आईडी से लॉगिन करें।
  • आधार से संबंधित जानकारी दर्ज करके साइन इन करें।
  • डैशबोर्ड पर ‘री-इवैल्यूएशन ऑफ मार्क्स’ विकल्प चुनें।
  • उपलब्ध उत्तर पुस्तिका वाले विषयों की सूची देखें और संबंधित प्रश्न संख्या, सब-सेक्शन, पेज नंबर, दिए गए अंक, अपेक्षित अंक और पुनर्मूल्यांकन का कारण दर्ज करें।
  • एक से अधिक प्रश्नों के लिए भी आवेदन किया जा सकता है।
  • सभी जानकारी जांचने के बाद ‘फ्रीज एंड प्रोसीड टू पेमेंट’ पर क्लिक करें।
  • शुल्क जमा करें और आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। आवेदन फॉर्म डाउनलोड करके स्टेटस ट्रैक किया जा सकता है।