सीएसआईआर यूजीसी नेट दिसंबर परीक्षा के परिणाम घोषित, 1,54,080 उम्मीदवार हुए शामिल

राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने संयुक्त सीएसआईआर यूजीसी नेट दिसंबर 2025 परीक्षा के नतीजे जारी कर दिए हैं। जिन उम्मीदवारों ने इस परीक्षा में भाग लिया था, वे अब अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। परिणाम अंतिम उत्तर कुंजी तैयार होने और अभ्यर्थियों द्वारा दर्ज की गई आपत्तियों के निपटारे के बाद प्रकाशित किए गए हैं।

यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड में देशभर में आयोजित की गई थी। 18 दिसंबर 2025 को भारत के 220 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा दो पालियों में संपन्न हुई। कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) प्रारूप में आयोजित इस परीक्षा के लिए कुल 2,12,552 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा में पांच विषयों—जीवन विज्ञान, पृथ्वी एवं पर्यावरण विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणितीय विज्ञान और भौतिक विज्ञान—से प्रश्न पूछे गए थे।

लिंग के आधार पर उम्मीदवारों का आंकड़ा

परीक्षा के लिए पंजीकृत कुल उम्मीदवारों में 1,25,748 महिलाएं, 86,801 पुरुष और 3 थर्ड जेंडर अभ्यर्थी शामिल थे। वहीं, वास्तव में परीक्षा में उपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 1,54,080 रही, जिनमें 93,193 महिलाएं, 60,886 पुरुष और 1 थर्ड जेंडर अभ्यर्थी शामिल थे।

  • महिलाएं: पंजीकृत 1,25,748, उपस्थित 93,193
  • पुरुष: पंजीकृत 86,801, उपस्थित 60,886
  • तीसरा लिंग: पंजीकृत 3, उपस्थित 1
  • कुल: पंजीकृत 2,12,552, उपस्थित 1,54,080

विषयवार उपस्थिति का विवरण

परीक्षा के दौरान विभिन्न विषयों में उम्मीदवारों की उपस्थिति का आंकड़ा नीचे दिया गया है:

  • जीव विज्ञान (शिफ्ट-I): पंजीकृत 90,434, उपस्थित 67,032
  • पृथ्वी, वायुमंडलीय, महासागरीय और ग्रहीय विज्ञान (शिफ्ट-I): पंजीकृत 8,093, उपस्थित 5,444
  • रसायन विज्ञान (शिफ्ट-I): पंजीकृत 45,348, उपस्थित 32,957
  • गणितीय विज्ञान (शिफ्ट-II): पंजीकृत 37,177, उपस्थित 26,114
  • भौतिक विज्ञान (शिफ्ट-II): पंजीकृत 31,500, उपस्थित 22,533

रिजल्ट देखने की प्रक्रिया

उम्मीदवार नीचे बताए गए चरणों का पालन करके अपना परिणाम देख सकते हैं:

  • एनटीए सीएसआईआर नेट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
  • होमपेज पर दिए गए “CSIR UGC NET December 2025 Scorecard” लिंक पर जाएं।
  • लॉगिन पेज पर अपनी आवेदन संख्या और जन्मतिथि दर्ज करें।
  • आवश्यक विवरण भरने के बाद सबमिट विकल्प चुनें।
  • स्क्रीन पर दिखाई देने वाले स्कोरकार्ड को देखें।
  • स्कोरकार्ड को डाउनलोड करें और भविष्य के लिए इसका प्रिंटआउट निकाल लें।