संवाद का महत्व: चुप्पी हमेशा सुनहरी नहीं होती, समय पर बोलना सीखें

अक्सर लोग गुस्से या नाराजगी को सीधे शब्दों में व्यक्त करने के बजाय अपने व्यवहार से दिखाने लगते हैं। यह चुप रहना, बात टालना, देर से जवाब देना या काम में लापरवाही बरतने के रूप में सामने आता है। खासकर कार्यस्थल या औपचारिक रिश्तों में टकराव से बचने के लिए लोग चुप्पी को ही बेहतर मानते हैं। बाहरी तौर पर सब कुछ सामान्य दिखता है, लेकिन अंदर ही अंदर नाराजगी पनपती रहती है। इस तरह के व्यवहार को पैसिव-एग्रेसिव कहा जाता है।

कई बार व्यक्ति खुद भी यह नहीं समझ पाता कि वह इस तरह का व्यवहार कर रहा है। यदि समय रहते इस प्रवृत्ति को पहचान लिया जाए और शांति से अपनी बात कहना सीख लिया जाए, तो गलतफहमियां कम हो सकती हैं और रिश्ते मजबूत बने रह सकते हैं।

अपनी भावनाओं को पहचानें

गुस्सा भी अन्य भावनाओं की तरह एक संकेत है। यह बताता है कि हमारी कोई जरूरत पूरी नहीं हो रही या हमें अनदेखा किया जा रहा है। इसलिए सबसे पहले अपने गुस्से को पहचानना जरूरी है। अक्सर हम गुस्से को दबा देते हैं, जिससे हमें पता ही नहीं चलता कि हम नाराज हैं। थोड़ा रुककर सोचें कि गुस्सा क्यों आया। अगर सामने वाले के व्यवहार का कोई कारण समझ में आ जाए, तो गुस्सा अपने आप कम हो सकता है। अगर कारण सही न लगे, तो संभव है कि सामने वाला अपनी गलती समझकर व्यवहार बदल ले।

अनुभवों को लिखने की आदत डालें

पैसिव-एग्रेसिव व्यवहार कई बार आदत बन जाता है और हमें पता भी नहीं चलता। इसे समझने का आसान तरीका है कि उन परिस्थितियों को लिखें, जब आपको गुस्सा आया। जैसे किसी सहकर्मी की लापरवाही या कोई आपको नीचा दिखाने की कोशिश करे। जब आप ऐसे अनुभव लिखते हैं, तो धीरे-धीरे समझ आने लगता है कि किन लोगों या परिस्थितियों से आपको बार-बार गुस्सा आता है। साथ ही यह भी नोट करें कि उस समय आप क्या सोच रहे थे। इससे अपने व्यवहार को पहचानना और सुधारना आसान हो जाता है।

चुप्पी तोड़कर बातचीत शुरू करें

यह व्यवहार तब शुरू होता है जब हम अपना गुस्सा दबा लेते हैं। अक्सर हम सोचते हैं कि गुस्सा दिखाना गलत है या इससे रिश्ते खराब हो जाएंगे। कभी-कभी पुराने अनुभव भी इसकी वजह बनते हैं। इससे बचने के लिए जरूरी है कि या तो अपने गुस्से को शांत करें या फिर चुप्पी तोड़कर बात करें। यह आसान नहीं होता और डर भी लगता है, लेकिन अपने लिए बोलना जरूरी है। लंबे समय तक चुप रहकर मन में नाराजगी रखने से बेहतर है कि अपनी बात साफ और सम्मान के साथ कह दी जाए।

छोटे-छोटे अभ्यास अपनाएं

जब कोई आपको गुस्सा दिलाए, तो यह आप पर निर्भर करता है कि आप कैसी प्रतिक्रिया देते हैं। सबसे पहले गुस्सा बढ़ने से पहले खुद को शांत करें। इसके बाद ताने या चुप्पी की जगह साफ और सीधे तरीके से बात करें। तुरंत तनाव कम करने के लिए ये छोटे उपाय अपना सकते हैं:

  • गहरी सांस लें और दस तक गिनें
  • शांत संगीत सुनें
  • थोड़ी देर टहलें या ताजी हवा लें

ऐसे छोटे अभ्यास आपको गुस्से को समझने, पैसिव-एग्रेसिव व्यवहार छोड़ने और शांतिपूर्वक बातचीत करने में मदद कर सकते हैं।