सैमसंग ने पेश की दुनिया की सबसे तेज़ मोबाइल स्टोरेज चिप, फोन की रफ्तार होगी कई गुना ज़्यादा

स्मार्टफोन की परफॉरमेंस सिर्फ प्रोसेसर पर निर्भर नहीं होती। इसमें लगी स्टोरेज चिप भी उतनी ही अहम भूमिका निभाती है। यही चिप फोटो, वीडियो, ऐप और अन्य डेटा को संभालती है। अब सैमसंग ने इस क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाते हुए दुनिया का पहला UFS 5.0 स्टोरेज पेश करने का एलान किया है। कंपनी का दावा है कि यह अब तक का सबसे तेज़ मोबाइल स्टोरेज है, जो स्मार्टफोन की स्पीड, AI फीचर्स और बैटरी लाइफ पर सीधा असर डालेगा।

कितनी तेज़ है नई UFS 5.0 चिप?

सैमसंग के अनुसार, UFS 5.0 की रीड स्पीड 10.8 जीबी प्रति सेकंड तक पहुंचती है। यह मौजूदा UFS 4.1 से दोगुनी से भी अधिक है। वहीं, इसकी राइट स्पीड 9.5 जीबी प्रति सेकंड तक हो सकती है। इसका मतलब है कि एप पहले से कहीं ज़्यादा तेज़ी से खुलेंगे, बड़ी फाइलें तुरंत ट्रांसफर होंगी और AI फीचर्स को काम करने में बहुत कम समय लगेगा। फोन का इस्तेमाल करना पहले से ज़्यादा स्मूद और तेज़ महसूस होगा।

बैटरी पर भी सकारात्मक असर

सैमसंग का दावा है कि नया UFS 5.0 पुराने मॉडलों की तुलना में 40 प्रतिशत से अधिक कम बिजली खर्च करता है। इससे फोन की बैटरी पर दबाव कम पड़ेगा और बैकअप बेहतर होगा। सबसे दिलचस्प बात यह है कि ज़्यादा स्पीड देने के बावजूद यह चिप पहले से लगभग 16.7 प्रतिशत छोटी है। इससे कंपनियों को पतले और हल्के स्मार्टफोन डिजाइन करने में मदद मिलेगी।

AI फीचर्स के लिए क्यों है यह ज़रूरी?

आज के समय में स्मार्टफोन कंपनियां AI फीचर्स को सीधे डिवाइस पर ला रही हैं। पहले कई काम क्लाउड पर होते थे, लेकिन अब फोन खुद ही AI प्रोसेसिंग करने लगे हैं। इसके लिए स्टोरेज और प्रोसेसर के बीच बहुत तेज़ डेटा ट्रांसफर ज़रूरी होता है।

सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स में मेमोरी प्रोडक्ट प्लानिंग के प्रमुख जांगसियोक चोई का कहना है कि AI के दौर में स्टोरेज सिर्फ डेटा रखने की जगह नहीं रह गया है। यह तय करता है कि फोन में AI फीचर्स कितनी बेहतर तरीके से काम करेंगे। तेज़ स्टोरेज के बिना एडवांस AI फंक्शन को स्मूदली चलाना मुश्किल हो जाता है।

बाजार में कब आएगा यह स्टोरेज?

सैमसंग 2026 की चौथी तिमाही में UFS 5.0 का बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू करेगी। यह स्टोरेज 1 टीबी तक की क्षमता में उपलब्ध होगा। कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में इसका इस्तेमाल फ्लैगशिप स्मार्टफोन, XR हेडसेट और AI से लैस वियरेबल डिवाइसेज में किया जाएगा। दूसरे शब्दों में, अगले कुछ वर्षों में बाजार में आने वाले AI स्मार्टफोन में यह नई तकनीक अहम भूमिका निभा सकती है।

UFS 5.0 की प्रमुख विशेषताएं

  • रीड स्पीड: 10.8 जीबी प्रति सेकंड तक
  • राइट स्पीड: 9.5 जीबी प्रति सेकंड तक
  • पिछली पीढ़ी की तुलना में दोगुनी से अधिक स्पीड
  • बिजली की खपत में 40 प्रतिशत से अधिक की कमी
  • चिप का आकार 16.7 प्रतिशत छोटा
  • 1 टीबी तक की स्टोरेज क्षमता
  • AI, XR हेडसेट और वियरेबल डिवाइसेज के लिए विशेष रूप से उपयुक्त