iOS 26.4 अपडेट: Apple ने लॉन्च किए कई नए फीचर, जानें क्या है खास

Apple ने iPhone उपयोगकर्ताओं के लिए iOS 26.4 अपडेट जारी कर दिया है। यह अपडेट कई महत्वपूर्ण बदलाव और नई सुविधाएं लेकर आया है, जो उपयोगकर्ताओं के अनुभव को बेहतर बनाएंगे। Apple Music में AI-आधारित प्लेलिस्ट निर्माण, कैमरे में ‘ऑडियो जूम’ और Apple CarPlay में ChatGPT जैसे AI असिस्टेंट का समर्थन इस अपडेट की मुख्य विशेषताएं हैं। इसके अलावा, ‘स्टोलेन डिवाइस प्रोटेक्शन’ जैसे सुरक्षा फीचर अब डिफॉल्ट रूप से सक्रिय रहेंगे। यह अपडेट iPhone 11 और उसके बाद के सभी मॉडलों के लिए उपलब्ध है।

Apple Music में बड़े बदलाव

संगीत प्रेमियों के लिए यह अपडेट खास है। Apple Music में अब ‘प्लेलिस्ट प्लेग्राउंड’ नामक एक स्मार्ट AI फीचर शामिल किया गया है, जो फिलहाल बीटा टेस्टिंग में है। इस फीचर की मदद से उपयोगकर्ताओं को अब खुद गाने चुनने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बस अपना मूड या कोई थीम टाइप करते ही AI आपके लिए एक परफेक्ट प्लेलिस्ट तैयार कर देगा। यह फीचर प्लेलिस्ट को केवल गानों तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उसे प्रोफेशनल टच देने के लिए आकर्षक टाइटल और डिस्क्रिप्शन भी खुद लिखता है। लाइव संगीत के शौकीनों के लिए ‘कॉन्सर्ट्स डिस्कवरी’ टूल जोड़ा गया है, जो आस-पास होने वाले लाइव शो की जानकारी देता है और नए आर्टिस्ट्स को खोजने में मदद करता है।

एम्बिएंट म्यूजिक विजेट

संगीत के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए होम और लॉक स्क्रीन पर एक नया एम्बिएंट म्यूजिक विजेट दिया गया है। यह आपके सोने, काम करने या आराम करने के हिसाब से शांत संगीत बजाता है। पॉडकास्ट के शौकीनों के लिए Apple पॉडकास्ट एप में वीडियो सपोर्ट शामिल किया गया है, जिससे आप किसी भी पॉडकास्ट के ऑडियो और वीडियो वर्जन के बीच आसानी से स्विच कर सकते हैं।

बिना इंटरनेट गानों की पहचान

अक्सर हम कोई गाना सुनते हैं लेकिन इंटरनेट न होने की वजह से उसे पहचान नहीं पाते। ऑफलाइन म्यूजिक रिकग्निशन फीचर के साथ, आपका फोन बिना इंटरनेट के भी गाने की पहचान कर लेगा। जैसे ही आप वापस इंटरनेट से कनेक्ट होंगे, फोन आपको उस गाने का नाम बता देगा।

चैटिंग के लिए नए इमोजी

मैसेजिंग को और मजेदार बनाने के लिए Apple ने iOS 26.4 में 8 नए इमोजी जोड़े हैं। इनमें कई नए ऑब्जेक्ट्स और चेहरे के एक्सप्रेशन शामिल हैं, जो आपकी बात को और बेहतर तरीके से व्यक्त करने में मदद करेंगे।

एक्सेसिबिलिटी और यूजर एक्सपीरियंस में सुधार

फोन के उपयोग को और आरामदायक बनाने के लिए Apple ने एक्सेसिबिलिटी और यूजर एक्सपीरियंस में कई सुधार किए हैं। जो उपयोगकर्ता स्क्रीन की तेज रोशनी के प्रति संवेदनशील हैं, उनके लिए ‘ब्राइट स्क्रीन इफेक्ट्स’ को हटाने की नई सेटिंग दी गई है, जिससे आंखों पर तनाव कम होगा। सबटाइटल और कैप्शन की सेटिंग्स को पहले से ज्यादा सुलभ बना दिया गया है। इंटरफेस को स्मूथ बनाने के लिए मोशन सेटिंग्स को बेहतर किया गया है, ताकि स्क्रीन पर एनिमेशन कम हों और फोन का उपयोग सहज लगे।

परफॉरमेंस और अन्य उपयोगी फीचर्स

सिस्टम की ओवरऑल परफॉरमेंस को बेहतर बनाने के लिए Apple ने कई छोटे लेकिन काम के फीचर्स जोड़े हैं। अब उपयोगकर्ता अपने ‘रिमाइंडर्स’ एप में किसी भी जरूरी टास्क को ‘अर्जेंट’ मार्क कर सकते हैं, जिससे कोई भी महत्वपूर्ण काम मिस नहीं होगा। तेज टाइपिंग के शौकीनों के लिए स्मार्ट कीबोर्ड की एक्यूरेसी में सुधार किया गया है ताकि गलतियां कम हों और टाइपिंग का अनुभव स्मूथ हो। ‘फ्रीफॉर्म’ एप में इमेज क्रिएशन और एडिटिंग के लिए नए टूल्स शामिल किए गए हैं, जो फोटो एडिटिंग को और आसान बनाएंगे।

कैमरा और काम को आसान बनाने वाले फीचर्स

वीडियो रिकॉर्ड करने वालों के लिए कैमरे में ‘Audio Zoom’ फीचर जोड़ा गया है। इसे सेटिंग्स में ऑन करने के बाद जब आप वीडियो बनाते समय जूम करेंगे तो माइक्रोफोन उसी सब्जेक्ट की आवाज पर फोकस करेगा जिसे आप जूम कर रहे हैं। इससे अनचाहा शोर कम होगा और साउंड क्वालिटी साफ हो जाएगी।

रिमाइंडर एप में बदलाव

रिमाइंडर एप में एक नया ‘Urgent’ सेक्शन दिया गया है। अगर आप किसी टास्क को बनाते समय उसे अर्जेंट मार्क करते हैं तो वह अपने आप इस खास सेक्शन में आ जाएगा, जिससे आप बिना वक्त गंवाए अपने सबसे जरूरी कामों पर नजर रख सकेंगे। ‘मैसेजेस’ एप को रिफ्रेश किया गया है, जहां अब किसी के साथ नई बातचीत शुरू करने पर स्क्रीन पर आकर्षक नए एनिमेशन दिखाई देंगे।

Apple CarPlay में AI का सपोर्ट

हालांकि उपयोगकर्ताओं को अभी भी iPhone में AI-पावर्ड ‘Siri’ का इंतजार है, लेकिन Apple CarPlay के जरिए AI का अनुभव अब करीब आ गया है। इस अपडेट के साथ अब आप गाड़ी चलाते समय हैंड्स-फ्री होकर क्लाउड, जेमिनी और ChatGPT जैसे AI असिस्टेंट्स से सीधे बात कर सकते हैं और अपने सवालों के जवाब पा सकते हैं। सुरक्षा के लिहाज से ‘स्टोलेन डिवाइस प्रोटेक्शन’ फीचर अब सभी उपयोगकर्ताओं के लिए डिफॉल्ट रूप से ऑन रहेगा, जिसे पहले मैन्युअली इनेबल करना पड़ता था।