इंस्टाग्राम डीएम सेवा में बड़ी खराबी, हजारों उपयोगकर्ता प्रभावित

10 मार्च 2026 की रात को दुनिया भर में इंस्टाग्राम के लाखों उपयोगकर्ताओं को डायरेक्ट मैसेज (डीएम) सेवा में गंभीर समस्या का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने बताया कि वे न तो नए संदेश भेज पा रहे थे और न ही पुराने संदेशों को देख पा रहे थे। आउटेज ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म डाउनडिटेक्टर के अनुसार, रात लगभग 11:30 बजे तक 10,000 से अधिक उपयोगकर्ताओं ने इस समस्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

किस तरह की थी समस्या?

उपयोगकर्ताओं ने बताया कि उनकी चैट विंडो तो खुल रही थी, लेकिन जैसे ही वे कोई नया संदेश भेजने का प्रयास करते, वह डिलीवर नहीं होता था। कई लोगों को ‘फेल्ड टू लोड मैसेज’ जैसी त्रुटि दिखाई दी, जबकि कुछ को संदेश भेजने में पूरी तरह से असमर्थता का सामना करना पड़ा। डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों के अनुसार, 74 प्रतिशत शिकायतें सीधे इंस्टाग्राम एप से जुड़ी थीं, 18 प्रतिशत सर्वर कनेक्शन से संबंधित थीं और केवल चार प्रतिशत फीड या टाइमलाइन से जुड़ी थीं। इससे स्पष्ट है कि यह समस्या मुख्य रूप से मैसेजिंग फीचर को प्रभावित कर रही थी।

किन शहरों में अधिक परेशानी हुई?

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह समस्या खासतौर पर अमेरिका के कई बड़े शहरों में अधिक देखी गई। लॉस एंजेलिस, फीनिक्स, न्यूयॉर्क, बोस्टन, शिकागो और अटलांटा जैसे शहरों से बड़ी संख्या में उपयोगकर्ताओं ने मैसेजिंग में रुकावट की शिकायत की। हालांकि, अन्य देशों से भी कुछ शिकायतें सामने आईं, लेकिन सबसे अधिक प्रभाव अमेरिकी उपयोगकर्ताओं पर पड़ा।

सोशल मीडिया पर उपयोगकर्ताओं की प्रतिक्रिया

जब इंस्टाग्राम पर समस्या बढ़ने लगी, तो कई उपयोगकर्ताओं ने अन्य प्लेटफॉर्म पर जाकर अपनी नाराजगी जताई। कुछ ने लिखा कि उनके संदेश नहीं जा रहे हैं, जबकि अन्य ने बताया कि पुराने संदेश लोड नहीं हो रहे थे। कई लोगों के लिए यह समस्या विशेष रूप से परेशान करने वाली थी, क्योंकि वे इंस्टाग्राम डीएम का उपयोग व्यावसायिक संचार, ग्राहकों से बातचीत और टीम सहयोग के लिए करते हैं। ऐसे उपयोगकर्ताओं ने कहा कि इस आउटेज ने उनके काम को बुरी तरह प्रभावित किया।

कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं

बड़ी संख्या में शिकायतों के बावजूद, मेटा प्लेटफॉर्म की ओर से उस समय कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया। कंपनी के आधिकारिक सर्विस स्टेटस पेज पर भी इंस्टाग्राम से जुड़ी किसी समस्या का उल्लेख नहीं था। रिपोर्ट लिखे जाने तक मेटा ने इस आउटेज के कारणों या समाधान के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की थी।

सोशल मीडिया आउटेज के सामान्य कारण

टेक विशेषज्ञों के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस तरह की समस्याओं के कई कारण हो सकते हैं। इनमें सर्वर ओवरलोड, बैकएंड अपडेट या मेंटेनेंस, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर में गड़बड़ी और नेटवर्क रूटिंग की समस्याएं शामिल हैं। अक्सर ऐसी समस्याएं कुछ समय बाद अपने आप ठीक हो जाती हैं, लेकिन कभी-कभी कंपनी को सक्रिय रूप से हस्तक्षेप करना पड़ता है।

अगर आपका इंस्टाग्राम भी काम नहीं कर रहा है, तो ये उपाय आजमाएं:

  • एप अपडेट करें: प्ले स्टोर या एप स्टोर पर जाकर जांचें कि इंस्टाग्राम का कोई नया अपडेट उपलब्ध है या नहीं।
  • फोर्स स्टॉप करें: एप को पूरी तरह से बंद करके दोबारा खोलें। इससे कई अस्थायी समस्याएं हल हो सकती हैं।
  • ब्राउसर में चेक करें: कई बार एप में दिक्कत होती है, लेकिन वेब वर्जन सही से काम कर रहा होता है। किसी भी ब्राउसर में इंस्टाग्राम खोलकर देखें।