व्हाट्सएप का नया फीचर: इमोजी टाइप करते ही मिलेंगे सुझाए गए स्टिकर्स

इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप लगातार नए-नए फीचर्स के साथ यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने में जुटा है। अब कंपनी ने एक ऐसा अपडेट पेश किया है जो चैटिंग को और अधिक तेज और मजेदार बना देगा। इस नए फीचर की मदद से यूजर्स को स्टिकर ढूंढने के लिए स्टिकर कीबोर्ड को बार-बार खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

कैसे काम करेगा यह नया फीचर?

इस फीचर की सबसे खास बात यह है कि जब भी कोई यूजर चैट बॉक्स में कोई इमोजी टाइप करेगा, तो उसी भावना या प्रतिक्रिया से जुड़े स्टिकर्स अपने आप दिखने लगेंगे। उदाहरण के लिए, यदि आप हंसी वाला इमोजी टाइप करते हैं, तो स्क्रीन पर मजेदार स्टिकर्स के सुझाव आ जाएंगे। इसी तरह, दिल वाला इमोजी डालने पर प्यार से जुड़े स्टिकर्स और अंगूठा दिखाने वाले इमोजी पर संबंधित स्टिकर्स दिखाई देंगे। यूजर इनमें से किसी भी स्टिकर पर टैप करके उसे सीधे चैट में भेज सकता है।

किन यूजर्स को मिलेगा यह अपडेट?

फिलहाल यह सुविधा आईफोन यूजर्स के लिए उपलब्ध कराई गई है। व्हाट्सएप के आईओएस वर्जन के नवीनतम अपडेट (26.8.76) में इसे शामिल किया गया है। हालांकि, कंपनी धीरे-धीरे इसे सभी यूजर्स के लिए रोलआउट करेगी। अगर आपके आईफोन में अभी यह फीचर नहीं आया है, तो आने वाले अपडेट में यह एक्टिव हो सकता है। एंड्रॉयड यूजर्स को भी जल्द ही यह सुविधा मिलने की उम्मीद है।

और भी विकल्प चाहिए तो ‘शो मोर रिजल्ट’ पर करें टैप

यदि यूजर को दिखाए गए स्टिकर्स से अधिक विकल्प चाहिए, तो वह ‘शो मोर रिजल्ट’ पर टैप करके और भी स्टिकर्स देख सकता है। इसमें व्हाट्सएप के बिल्ट-इन स्टिकर पैक के साथ-साथ थर्ड-पार्टी स्टिकर पैक भी शामिल हो सकते हैं। इससे यूजर को चुनने के लिए ज्यादा विकल्प मिलते हैं और चैटिंग का अनुभव और भी रोचक हो जाता है।

व्हाट्सएप में लगातार जुड़ रहे हैं नए फीचर्स

हाल के महीनों में मेटा प्लेटफॉर्म अपने मैसेजिंग प्लेटफॉर्म में कई नए फीचर्स जोड़ रहा है। कुछ अन्य अपडेट भी चर्चा में रहे हैं, जैसे:

  • नए ग्रुप में शामिल होने वाले यूजर्स पुराने मैसेज हिस्ट्री को देख सकते हैं।
  • चैटिंग के लिए बेहतर प्राइवेसी फीचर्स पर काम जारी है।
  • सिम बाइंडिंग आधारित सुरक्षा फीचर लाने की योजना है।
  • प्रीमियम सब्सक्रिप्शन मॉडल पर भी विचार किया जा रहा है, जिसमें यूजर्स को अतिरिक्त सुविधाएं मिल सकती हैं।
  • ज्यादा कस्टमाइजेशन वाले फीचर्स भी जल्द आ सकते हैं।

माना जा रहा है कि भविष्य में व्हाट्सएप एक पेड सर्विस भी लॉन्च कर सकता है, जिसमें यूजर्स को कुछ खास सुविधाओं का लाभ उठाने का मौका मिलेगा। फिलहाल, कंपनी का फोकस चैटिंग को और अधिक एक्सप्रेसिव और सुविधाजनक बनाने पर है।