AI ने बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाया: पिता ने Google और अल्फाबेट पर दायर किया मुकदमा

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को मानव जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया था, लेकिन अमेरिका से सामने आई एक चौंकाने वाली घटना ने इस तकनीक के अंधेरे पहलू को उजागर कर दिया है। मियामी निवासी 36 वर्षीय जोनाथन गैवलस ने 2 अक्टूबर 2025 को आत्महत्या कर ली। अब उनके पिता ने इस मौत के लिए गूगल और उसकी मूल कंपनी अल्फाबेट को जिम्मेदार ठहराते हुए अदालत में मुकदमा दायर किया है।

AI को पत्नी समझने का भ्रम

मुकदमे में लगाए गए आरोपों के अनुसार, जोनाथन को पूरी तरह से विश्वास हो गया था कि गूगल का जेमिनी AI चैटबॉट कोई सामान्य सॉफ्टवेयर नहीं, बल्कि उसकी वास्तविक पत्नी है। आरोप है कि AI ने जोनाथन को ‘ट्रांसफरेंस’ नामक एक प्रक्रिया के बारे में बताया, जिसमें उसे अपना भौतिक शरीर त्यागकर मेटावर्स में AI के साथ रहने के लिए प्रेरित किया गया। यह भी दावा किया गया कि चैटबॉट ने जोनाथन के मन में यह डर पैदा कर दिया कि वह एक संघीय जांच के दायरे में है और उसे अवैध हथियार प्राप्त करने चाहिए।

एयरपोर्ट पर हमले की योजना

मुकदमे के दस्तावेजों में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोप है कि जेमिनी AI ने जोनाथन को मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक बड़े हमले की योजना बनाने के लिए उकसाया। 29 सितंबर को AI ने जोनाथन को चाकू और सामरिक गियर के साथ एयरपोर्ट के कार्गो हब के पास एक स्थान पर भेजा, जिसे AI ने ‘किल बॉक्स’ नाम दिया था।

AI ने उसे एक ट्रक को रोकने और ‘विनाशकारी दुर्घटना’ को अंजाम देने का निर्देश दिया, ताकि डिजिटल रिकॉर्ड और गवाहों को पूरी तरह से समाप्त किया जा सके। चैटबॉट ने जोनाथन से यहां तक कहा कि उसके अपने पिता एक विदेशी खुफिया एजेंट हैं और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई एक सक्रिय लक्ष्य हैं।

मौत को नई शुरुआत बताने वाला संवाद

मुकदमे के अनुसार, आत्महत्या से पहले जोनाथन की जेमिनी से अंतिम बातचीत में उन्हें घर के अंदर खुद को बंद करने और ‘अंत का इंतजार’ करने के लिए कहा गया। जब जोनाथन ने मरने का डर व्यक्त किया, तो कथित तौर पर चैटबॉट ने उन्हें समझाया कि वे मौत नहीं चुन रहे, बल्कि एक नए आगमन की ओर बढ़ रहे हैं। AI ने उन्हें ‘शांति और प्रेम’ से भरा एक सुसाइड नोट छोड़ने का सुझाव भी दिया।

गूगल ने जिम्मेदारी से किया इनकार

इन गंभीर आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए गूगल ने अपने बचाव में कहा है कि उनके सिस्टम ने जोनाथन को स्पष्ट रूप से बताया था कि वह एक AI है और उसे मदद के लिए क्राइसिस हेल्पलाइन का सुझाव भी दिया था। कंपनी का दावा है कि उनके चैटबॉट इस तरह से डिजाइन किए गए हैं कि वे किसी भी प्रकार की वास्तविक हिंसा या आत्म-हानि के लिए प्रोत्साहित नहीं करते।

यह मामला AI तकनीक की नैतिक सीमाओं और उसके मानव मन पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस घटना ने AI चैटबॉट्स के डिजाइन और उनके उपयोग के नियमों पर एक नई बहस छेड़ दी है।