क्या आपका स्मार्ट टीवी आपकी जासूसी कर रहा है? तुरंत बंद करें यह खतरनाक फीचर
आपके ड्राइंग रूम में लगा स्मार्ट टीवी सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं है, बल्कि यह आपकी निजी जिंदगी का एक चुपके से काम करने वाला जासूस भी हो सकता है। क्या आपने कभी महसूस किया है कि जो फिल्म या सीरीज आप टीवी पर देखते हैं, उसी से जुड़े विज्ञापन आपके मोबाइल फोन पर दिखने लगते हैं? यह कोई संयोग नहीं, बल्कि एक खास तकनीक का नतीजा है जिसे ACR (ऑटोमैटिक कंटेंट रिकॉग्निशन) कहा जाता है।
आपका टीवी न केवल यह जानता है कि आप क्या देख रहे हैं, बल्कि उसे यह भी पता है कि आप कितनी देर और किस समय टीवी के सामने बैठते हैं। यह सारी जानकारी ACR फीचर के जरिए इकट्ठा होती है। यह तकनीक आपकी स्क्रीन पर चल रहे वीडियो और ऑडियो के छोटे-छोटे सैंपल लेकर उनका एक डिजिटल फिंगरप्रिंट बनाती है। इसके बाद यह डेटा टीवी कंपनियों और विज्ञापन देने वाले पार्टनर्स को भेज दिया जाता है, ताकि आपको आपकी पसंद के हिसाब से टार्गेटेड विज्ञापन दिखाए जा सकें।
यह प्रक्रिया हर प्रोग्राम पर लागू होती है, चाहे आप केबल टीवी देख रहे हों, नेटफ्लिक्स चला रहे हों या गेमिंग कंसोल (HDMI) कनेक्ट किया हो। ACR हर चीज को ट्रैक करता है। लेकिन राहत की बात यह है कि आप अपने टीवी की सेटिंग्स में जाकर इस जासूसी को मैन्युअल रूप से बंद कर सकते हैं।
ACR कैसे काम करता है?
जैसे ही आप टीवी ऑन करते हैं, ACR एक्टिव हो जाता है। यह स्क्रीन के पिक्सल और ऑडियो को मैच करके तुरंत पहचान लेता है कि आप कौन सा कंटेंट देख रहे हैं। प्राइवेसी एक्सपर्ट्स इसे स्नूपिंग (जासूसी) कहते हैं, क्योंकि यह आपकी अनुमति के बिना आपके परिवार की पसंद-नापसंद का पूरा डेटा कंपनियों तक पहुंचा देता है। हर टीवी ब्रांड में इसे बंद करने का तरीका अलग-अलग होता है। आइए जानते हैं प्रमुख ब्रांड्स के स्टेप्स।
सैमसंग (Samsung) टीवी के लिए तरीका
- रिमोट से होम बटन दबाएं और सेटिंग्स में जाएं।
- यहां ‘टर्म एंड पॉलिसी’ या ‘प्राइवेसी’ सेक्शन चुनें।
- ‘व्यूइंग इंफॉर्मेशन सर्विस’ या ACR से जुड़े विकल्प को ढूंढें और इसे ऑफ कर दें।
एलजी (LG) टीवी के लिए तरीका
- सेटिंग्स में जाकर ‘मेनू’ खोलें और ‘ऑल सेटिंग्स’ पर जाएं।
- ‘सपोर्ट’ में जाकर ‘प्राइवेसी एंड टर्म’ विकल्प चुनें।
- यहां ‘यूजर एग्रीमेंट’ का ऑप्शन दिखेगा, उस पर क्लिक करें।
- ‘लाइव प्लस’ या ‘व्यूइंग इंफॉर्मेशन’ जैसा विकल्प मिलेगा, इसे तुरंत बंद कर दें।
सोनी (Sony) और एंड्रॉयड टीवी के लिए तरीका
- सोनी टीवी की सेटिंग्स में जाएं और ‘प्राइवेसी’ या ‘इनिशियल सेटअप’ विकल्प चुनें।
- ‘इंटरैक्टिव टीवी सर्विस’ या ACR से जुड़ी सेटिंग्स को डिसेबल करें।
- गूगल की प्राइवेसी सेटिंग्स में जाकर ‘Usage & Diagnostics’ को भी ऑफ करना बेहतर रहेगा।
टीसीएल (TCL) और हिसेंस (Hisense) के लिए तरीका
- सेटिंग्स में जाकर ‘प्राइवेसी’ खोलें।
- ‘स्मार्ट टीवी एक्सपीरियंस’ पर जाएं।
- यहां ‘यूज इंफो फ्रॉम टीवी इनपुट’ के टॉगल बटन को ऑफ कर दें।
क्या सिर्फ ACR बंद करना पर्याप्त है?
ACR को बंद करने से टीवी का ऑपरेटिंग सिस्टम आपको ट्रैक करना बंद कर देगा, लेकिन यह ध्यान रखना जरूरी है कि आपके टीवी में मौजूद एप्स (जैसे यूट्यूब, नेटफ्लिक्स) अपना अलग डेटा इकट्ठा करती रहती हैं। फिर भी, ACR को ऑफ करना आपकी प्राइवेसी को सुरक्षित रखने की दिशा में पहला और सबसे महत्वपूर्ण कदम हो सकता है। यह छोटा सा बदलाव आपके डिजिटल जीवन को काफी हद तक सुरक्षित बना सकता है।