इंस्टाग्राम डेटा लीक: 1.75 करोड़ यूजर्स की निजी जानकारी हैकर्स के हाथ, तुरंत बदलें ये सेटिंग्स

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के यूजर्स के लिए एक गंभीर साइबर खतरा सामने आया है। एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, दुनियाभर में लगभग 1.75 करोड़ इंस्टाग्राम अकाउंट्स का व्यक्तिगत डेटा लीक हो गया है। यह जानकारी एक प्रमुख साइबर सिक्योरिटी फर्म की जांच में सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया यूजर्स की चिंता बढ़ा दी है।

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, यह डेटा एक डार्क वेब फोरम पर सार्वजनिक कर दिया गया है, जिससे बड़े पैमाने पर फिशिंग और साइबर हमलों का खतरा पैदा हो गया है। हैकर्स ने इंस्टाग्राम एपीआई में मौजूद एक खामी का फायदा उठाकर यह जानकारी चुराई है। माना जा रहा है कि यह डेटा पिछले साल 2024 में हुई एक सुरक्षा चूक का नतीजा है, जिसे अब डार्क वेब पर बेचा या सार्वजनिक किया जा रहा है।

लीक हुए डेटा में क्या-क्या शामिल है?

राहत की बात यह है कि इस डेटा लीक में आपके अकाउंट के पासवर्ड शामिल नहीं हैं। हालांकि, हैकर्स के पास आपकी पहचान चुराने के लिए पर्याप्त जानकारी पहुंच चुकी है। लीक हुए डेटासेट में निम्नलिखित जानकारियां शामिल हैं:

  • यूजरनेम: आपकी इंस्टाग्राम आईडी
  • ईमेल एड्रेस: आपके अकाउंट से जुड़ा ईमेल
  • फोन नंबर: आपका पंजीकृत मोबाइल नंबर
  • फिजिकल एड्रेस: कुछ मामलों में आपका घर का पता भी लीक हो सकता है

साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि पासवर्ड न होने के बावजूद यह डेटा हैकर्स के लिए बेहद खतरनाक है। ईमेल एड्रेस और फोन नंबर के जरिए वे टार्गेटेड फिशिंग अटैक कर सकते हैं। हैकर्स खुद को इंस्टाग्राम या मेटा का प्रतिनिधि बताकर फर्जी ईमेल, मैसेज या लिंक भेज सकते हैं। इसके अलावा, पासवर्ड रीसेट या अकाउंट वेरिफिकेशन के बहाने यूजर्स को धोखे में डालकर उनके अकाउंट की पूरी पहुंच हासिल की जा सकती है।

अपने अकाउंट को सुरक्षित रखने के लिए तुरंत करें ये 5 काम

अगर आप भी इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करते हैं, तो बिना देरी किए इन सुरक्षा उपायों को अपना लें। ये छोटे-छोटे कदम आपके अकाउंट को हैकर्स से बचाने में कारगर साबित हो सकते हैं।

टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) ऑन करें

सिर्फ एसएमएस के भरोसे न रहें। गूगल ऑथेंटिकेटर या माइक्रोसॉफ्ट ऑथेंटिकेटर जैसे एप का उपयोग करके 2FA सक्रिय करें। इससे आपके अकाउंट में सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत जुड़ जाएगी।

पासवर्ड बदलें

अपने अकाउंट को हैकिंग से बचाने के लिए एक मजबूत और यूनिक पासवर्ड सेट करें। सुनिश्चित करें कि इसमें अक्षर, नंबर और स्पेशल कैरेक्टर का मिश्रण हो। कभी भी एक ही पासवर्ड का इस्तेमाल कई अकाउंट्स के लिए न करें।

संदिग्ध लिंक से बचें

अगर आपको कोई ईमेल या मैसेज आता है जिसमें अकाउंट वेरिफिकेशन या कॉपीराइट उल्लंघन का दावा किया गया हो, तो उस पर क्लिक न करें। ये फिशिंग हमले हो सकते हैं जो आपकी निजी जानकारी चुराने के लिए बनाए गए हैं।

लॉगिन एक्टिविटी चेक करें

इंस्टाग्राम सेटिंग्स में जाकर लॉगिन एक्टिविटी चेक करें। देखें कि कहीं कोई अंजान डिवाइस या स्थान से आपके अकाउंट में लॉग-इन तो नहीं किया गया है। अगर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत उस डिवाइस को हटा दें।

ईमेल की प्रामाणिकता जांचें

अगर आपको इंस्टाग्राम से ओटीपी या पासवर्ड रीसेट करने का ईमेल आया है, तो उस ईमेल में दिए गए लिंक पर क्लिक न करें। सीधे इंस्टाग्राम एप या आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ही कोई भी बदलाव करें। याद रखें, कोई भी वैध कंपनी आपसे ईमेल के जरिए पासवर्ड या निजी जानकारी नहीं मांगती।