गर्मियों में मटके का पानी ठंडा रखने के लिए बरतें ये सावधानियां

गर्मियों के मौसम में ठंडे पानी की आवश्यकता बढ़ जाती है। चिलचिलाती धूप से राहत पाने के लिए या प्यास बुझाने के लिए ठंडा पानी हर कोई चाहता है, लेकिन फ्रिज का पानी सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। खासकर जब आप धूप से लौटते हैं, तो बड़े-बुजुर्ग अक्सर फ्रिज का पानी पीने से मना करते हैं। ऐसे में प्राकृतिक रूप से ठंडा पानी पीना सबसे अच्छा विकल्प है।

मिट्टी का मटका प्राकृतिक रूप से पानी ठंडा करने का सबसे पुराना और कारगर तरीका है। जब फ्रिज नहीं हुआ करती थी, तब भी लोग मटके के पानी से अपनी प्यास बुझाते थे। इसी कारण गर्मी का मौसम शुरू होते ही लोग अपने घरों में मटका रखना शुरू कर देते हैं। मटके का पानी न केवल ठंडा होता है, बल्कि सेहत के लिए भी लाभदायक माना जाता है। हालांकि, कई लोग शिकायत करते हैं कि मटका रखने के बावजूद पानी ठंडा नहीं होता। इसके पीछे कुछ छोटी लेकिन महत्वपूर्ण गलतियां होती हैं। यदि आप भी इस गर्मी में मटके का उपयोग कर रहे हैं, तो इन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

मटका उपयोग से पहले भिगोना न भूलें

नया मटका सीधे इस्तेमाल करना एक बड़ी भूल है। इसे कम से कम 24 घंटे पानी में भिगोकर रखें और फिर अच्छी तरह से साफ करें। इस प्रक्रिया से मटके के छिद्र खुल जाते हैं, जिससे पानी ठंडा होने की प्रक्रिया बेहतर होती है।

मटके के लिए सही स्थान चुनें

मटका हमेशा ठंडी और हवादार जगह पर रखें। इसे सीधी धूप में रखने से पानी कभी ठंडा नहीं होगा। छायादार और खुली जगह मटके को ठंडा रखने में मदद करती है।

रोजाना पानी बदलना जरूरी

पुराना पानी अपनी ठंडक खोने लगता है। हर दिन मटके में ताजा पानी भरना आवश्यक है। इससे पानी न केवल ठंडा रहेगा, बल्कि ताजा और स्वच्छ भी बना रहेगा।

हवा का संपर्क बनाए रखें

मटका तभी प्रभावी रूप से पानी ठंडा करता है जब उसके आसपास हवा का संचार होता है। इसे खुली जगह या खिड़की के पास रखना चाहिए, जहां हवा आसानी से आ-जा सके।

मटके की सफाई का रखें ध्यान

यदि मटका गंदा होगा तो पानी का स्वाद भी खराब हो सकता है। हर 2-3 दिन में मटके को अच्छी तरह से साफ करना चाहिए। सफाई से पानी की गुणवत्ता बनी रहती है और ठंडक भी बरकरार रहती है।

मटके को स्टैंड पर रखें

मटका सीधे जमीन पर रखने से उसकी ठंडक कम हो जाती है। इसे लकड़ी या किसी स्टैंड पर रखना चाहिए। इससे हवा का संचार बेहतर होता है और पानी अधिक ठंडा रहता है।

ढक्कन हमेशा बंद रखें

खुला मटका जल्दी गर्म हो जाता है और उसमें धूल-मिट्टी भी गिर सकती है। मटके को मिट्टी की कटोरी या ढक्कन से बंद रखना चाहिए। इससे पानी ठंडा भी रहेगा और साफ भी।

  • मटका खरीदने के बाद उसे 24 घंटे पानी में भिगोकर रखें
  • मटके को हमेशा छायादार और हवादार जगह पर रखें
  • रोजाना मटके का पानी बदलें
  • हर 2-3 दिन में मटके की सफाई करें
  • मटके को जमीन से ऊपर स्टैंड पर रखें
  • मटके को हमेशा ढककर रखें