बिना फ्रिज के हरा धनिया ताजा रखने के कारगर उपाय

हरा धनिया भारतीय रसोई का एक अनिवार्य हिस्सा है, जिसका उपयोग सलाद, चटनी, सब्जी और करी में स्वाद बढ़ाने के लिए किया जाता है। लेकिन यह जल्दी मुरझा जाता है और इसकी ताजगी खत्म हो जाती है। खासकर उन लोगों को यह समस्या होती है जिनके पास फ्रिज नहीं है। अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान घरेलू नुस्खों को अपनाकर आप हरे धनिये को लंबे समय तक ताजा रख सकते हैं। सही तरीके से संरक्षण करने से यह अधिक दिनों तक इस्तेमाल योग्य रहता है और इसकी खुशबू व पोषण भी बरकरार रहता है।

पानी में डालकर रखें

हरे धनिये की ताजगी बनाए रखने का सबसे सरल तरीका है इसे पानी में स्टोर करना। इसके लिए धनिये के कटे हुए तनों को साफ पानी से भरे गिलास या जार में डालें। पानी को नियमित रूप से बदलते रहें ताकि वह गंदा न हो और सूक्ष्म जीवाणु न पनपें। गिलास या जार के ऊपर हल्का सा कपड़ा या तौलिया रख दें, जिससे धूल और कीड़े न आएं। इस विधि से धनिये की पत्तियां लंबे समय तक हरी और ताजा बनी रहती हैं।

गीले कागज में लपेटें

अगर फ्रिज नहीं है तो हरे धनिये को गीले कागज में लपेटकर रखना बहुत प्रभावी तरीका है। सबसे पहले धनिये को अच्छी तरह धो लें और हल्का पानी निचोड़ लें। इसके बाद एक हल्का गीला पेपर टॉवल लें और धनिये की पत्तियों को उसमें लपेट दें। अब इसे एयरटाइट या जिपलॉक बैग में रखें। गीला कागज धीरे-धीरे नमी छोड़ता है, जिससे पत्तियां मुरझाती नहीं हैं और लंबे समय तक ताजा बनी रहती हैं। यह तरीका बिना फ्रिज के भी बहुत असरदार साबित होता है।

तेल में भिगोकर रखें

हरे धनिये को लंबे समय तक ताजा रखने का एक और कारगर उपाय है तेल का इस्तेमाल। इसके लिए धनिये को धोकर काट लें और उस पर हल्का सा तेल लगाएं। फिर इसे एयरटाइट डिब्बे में डालकर स्टोर करें। तेल पत्तियों और तनों पर एक सुरक्षात्मक परत बनाता है, जो हवा और सूखापन को उन्हें जल्दी खराब होने से रोकता है। यह तरीका विशेष रूप से तब उपयोगी है जब फ्रिज उपलब्ध न हो।

इन आसान उपायों को अपनाकर आप बिना फ्रिज के भी हरे धनिये को कई दिनों तक ताजा और उपयोगी बनाए रख सकते हैं।