भगत सिंह के प्रेरक विचार जो आपकी सोच बदल सकते हैं
भारत के स्वतंत्रता संग्राम में शहीद भगत सिंह का नाम एक ऐसी क्रांति का प्रतीक है, जिसने अंग्रेजी शासन की नींव हिला दी। उनका जन्म 28 सितंबर 1907 को हुआ था। बचपन से ही उनमें देशभक्ति की भावना कूट-कूट कर भरी थी। जलियांवाला बाग हत्याकांड ने उनके जीवन की दिशा बदल दी और वे पूरी तरह से स्वतंत्रता आंदोलन में कूद पड़े।
उन्होंने लाला लाजपत राय की मौत का बदला लेने के लिए ब्रिटिश अधिकारी सॉन्डर्स की हत्या की और बाद में असेंबली में बम फेंककर अंग्रेजों को यह संदेश दिया कि ‘इंकलाब जिंदाबाद’। 23 मार्च 1931 को उन्हें फांसी दे दी गई, लेकिन उनका बलिदान भारत की आज़ादी की नींव बन गया। मात्र 23 वर्ष की आयु में देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीद भगत सिंह के विचार आज भी हर भारतीय के दिल में जीवित हैं। हर साल उनकी पुण्यतिथि पर हम उनके बलिदान को याद करते हैं और उनके विचारों से प्रेरणा लेते हैं।
शहीद भगत सिंह के अनमोल विचार
- जो भी विकास के लिए खड़ा है, उसे हर चीज की आलोचना करनी होगी, उसे आत्मविश्वास रखना होगा और चुनौती देनी होगी।
- आपका जीवन तभी सफल हो सकता है जब आपका निश्चित लक्ष्य हो और आप उनके लिए पूरी तरह से समर्पित हो।
- जिंदगी तो अपने दम पर ही जी जाती है, दूसरों के कंधों पर तो सिर्फ जनाजे उठाए जाते हैं।
- कानून की पवित्रता तभी तक बनी रह सकती है, जब तक वह लोगों की इच्छा की अभिव्यक्ति करे।
भगत सिंह के विचारों की प्रासंगिकता
शहीद भगत सिंह के प्रसिद्ध विचारों में “क्रांति की तलवार विचारों की शान से तेज होती है” और “बम और पिस्तौल क्रांति नहीं लाते, बल्कि विचार लाते हैं” जैसे कोट्स शामिल हैं, जो आज भी युवाओं को प्रेरित करते हैं। ये विचार हमें सिखाते हैं कि सच्ची क्रांति हथियारों से नहीं, बल्कि विचारों और दृढ़ संकल्प से आती है। भगत सिंह का जीवन हमें बताता है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और समर्पण पूर्ण हो, तो कोई भी बाधा हमें रोक नहीं सकती। उनकी शहादत हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान थे।