रंभा तीज व्रत 2026: सुखी वैवाहिक जीवन के लिए पूजा विधि और महत्व
हिंदू धर्म में हर तिथि का अपना एक विशेष महत्व होता है, और जब कोई व्रत या त्योहार किसी खास तिथि पर आता है, तो उसका महत्व और भी बढ़ जाता है। रंभा तीज का व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए अत्यंत शुभ और फलदायी माना जाता है। इस दिन विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी आयु, सुखी वैवाहिक जीवन और अखंड सौभाग्य की कामना करती हैं। वहीं, अविवाहित कन्याएं भी मनचाहा वर पाने के लिए यह व्रत रखती हैं। इस पर्व में विशेष रूप से भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना का विधान है। आइए जानते हैं रंभा तीज का धार्मिक महत्व और पूजा की सही विधि।
रंभा तीज का धार्मिक महत्व
हिंदू धर्म में तीज के पर्व का विशेष स्थान है। जिस प्रकार हरियाली तीज, कजरी तीज और हरतालिका तीज का महत्व है, उसी प्रकार रंभा तीज भी सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष लाभकारी मानी जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जिस तरह माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की थी, उसी तरह हर वर्ष ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को शिव-पार्वती की पूजा करने की परंपरा है।
क्यों कहते हैं इसे रंभा तीज?
शास्त्रों के अनुसार, स्वर्ग में एक अत्यंत सुंदर, गुणवान और मोहक अप्सरा थी, जिसका नाम रंभा था। मान्यता है कि रंभा ने भी अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए इसी तिथि पर व्रत और पूजा की थी। इसी कारण इस तृतीया का नाम ‘रंभा तृतीया’ या ‘रंभा तीज’ पड़ा। यह व्रत विशेष रूप से सुखी दांपत्य जीवन और सौभाग्य की प्राप्ति के लिए किया जाता है।
रंभा तीज व्रत और पूजा विधि
रंभा तीज के दिन व्रत और पूजा करने की निम्नलिखित विधि है:
- प्रातः काल ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करें और साफ-सुथरे वस्त्र धारण करें।
- घर के मंदिर में भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें।
- व्रत और पूजा का संकल्प लेते हुए सबसे पहले भगवान गणेश की पूजा करें।
- गणपति पूजन के बाद शिव-पार्वती की प्रतिमा पर जल, दूध, पंचामृत, चंदन, फूल, माला, दूर्वा और बिल्व पत्र अर्पित करें।
- माता पार्वती को सुहाग की सभी सामग्री अर्पित करें, जैसे कि चुनरी, सिंदूर, बिंदी, चूड़ियां और अन्य श्रृंगार की वस्तुएं।
- इसके बाद धूप और दीपक जलाकर ‘ॐ नमः शिवाय’ और ‘ॐ गौर्ये नमः’ मंत्रों का जाप करें।
- अंत में रंभा तीज व्रत की कथा का पाठ करें और आरती करें। इसके बाद परिवार के साथ मिलकर भगवान से सुख-समृद्धि और सुखी वैवाहिक जीवन की प्रार्थना करें।
अस्वीकरण: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग और धार्मिक ग्रंथों पर आधारित है। प्रस्तुत सूचना और तथ्यों की सटीकता और पूर्णता के लिए कोई दावा नहीं किया जाता।