केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मेहंदीपुर बालाजी में देश की प्रगति के लिए प्रार्थना की

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल शुक्रवार को राजस्थान के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मेहंदीपुर धाम पहुंचे। यहां उन्होंने स्वयंभू बालाजी महाराज के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिर में श्रद्धा भाव से समय बिताते हुए उन्होंने धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न की।

भैरव बाबा और प्रेतराज सरकार के दरबार में लगाई धोक

दर्शन के दौरान पीयूष गोयल ने भैरव बाबा और प्रेतराज सरकार के दरबार में भी धोक लगाई। मंदिर परिसर में उनके आगमन को लेकर पहले से व्यवस्थाएं की गई थीं और सुरक्षा के विशेष इंतजाम देखे गए।

मंदिर ट्रस्ट ने किया स्वागत

दर्शन के बाद मंदिर ट्रस्ट के स्वागत कक्ष में सचिव एमके माथुर ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें सिद्धपीठ के महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज के सान्निध्य में संचालित धार्मिक, शैक्षिक और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें प्रसादी भी भेंट की गई।

यहां आने से मिलता है सुकून

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि मेहंदीपुर बालाजी आने से उन्हें सुकून मिलता है। उन्होंने कहा कि बालाजी महाराज का आशीर्वाद उनके परिवार, उनके कार्यों और देश पर लगातार बना हुआ है। इसके लिए वे सभी बालाजी महाराज के कृतज्ञ हैं।

देश की प्रगति और उज्जवल भविष्य की कामना

पीयूष गोयल ने कहा कि देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और उन्होंने उज्जवल भविष्य के लिए बालाजी भगवान से प्रार्थना की। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रत्येक भारतवासी के सुखी जीवन के लिए बालाजी का आशीर्वाद बना रहेगा।

बताया गया कि केंद्रीय मंत्री गोयल की बालाजी महाराज में प्रगाढ़ आस्था है और वे परिवार के साथ अक्सर यहां दर्शनों के लिए आते रहते हैं। उनके दौरे के दौरान सिकराय एसडीएम नवनीत कुमार, डिप्टी एसपी धर्मराज चौधरी समेत पुलिस जाब्ता तैनात रहा।